

*गंगा दशहरा अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीलगंगा पहुंचकर मां गंगा की प्रतिमा का पूजन, अभिषेक किया*
-*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन का गौरव पूरी दुनिया देखेंगी-मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीलगंगा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में साधु-संतों का आशीर्वाद लिया*
उज्जैन, 26 मई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नीलगंगा स्थल पहुंचकर मां गंगा की प्रतिमा का पूजन अभिषेक किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधान मंत्री के नेतृत्व में सिंहस्थ 2028 में सनातन का वैभव पूरी दुनिया देखेंगी। उज्जैन में मां शिप्रा के घाटों पर साधु-संतों की भावना अनुसार सनातन की पूर्ण गरिमा परम्परा अनुसार सिंहस्थ 2028 का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने व्यस्ततम कार्यक्रमों के मध्य प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार नीलगंगा सरोवर पहुंचे, यहां पर गुप्त गंगा का स्थान माना गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हर वर्ष यहां पर आकर पूजन अर्चन करते हैं। उज्जैन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.यादव नीलगंगा स्थल पहुंचे और मां गंगा का पूजन अभिषेक कर गुप्त गंगा के दर्शन किए और प्रदेश की जनता की शुभ मंगल स्वास्थ्य, उन्नति, तरक्की की कामना की।नीलगंगा जूना अखाड़ा पर गंगा दशहरा के अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज, अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज, नारायण गिरी महाराज उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ही नीलगंगा आश्रम स्थित गंगा सरोवर में चार करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से विकास और निर्माण कार्य जारी हैं। इससे गंगा सरोवर के चारों ओर परिक्रमा पथ का निर्माण और सौंदर्यीकरण के काम भी किये जा रहे हैं। इन सबके लिए भी साधु-संतों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार प्रकट किया है।जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के सानिध्य में संतों ने गंगा दशहरा पर नीलगंगा में पूजन किया।इस दौरान हरिगिरी जी ने कहा कि उज्जैन में कल्पना से परे कार्य हो रहे है। मैंने नासिक कुम्भ की बैठक में भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के सामने कहा कि उज्जैन में शिप्रा पर 29 किमी के घाट बन रहे है। यह सब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सोच से और दृढ इच्छाशक्ति से यह सब साकार हो पा रहा है।इस अवसर पर जूना अखाड़ा के वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, वरिष्ठ श्रीमहंत उमाशंकर भारती महाराज, श्रीमहंत केदारपुरि जी महाराज, उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी महाराज, जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, श्री महंत महेशपुरी जी महाराज, श्री महंत रामेश्वर गिरी जी महाराज सहित बड़ी संख्या में संतगण उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी संतों से आशीर्वाद लिया एवं बाद में संतों ने उनका शॉल ओढाकर अभिनन्दन किया। कार्यक्रम के आरम्भ में अखाडा परिषद के प्रवक्ता गोविंद सौलंकी एवं समन्वयक डॉ. राहुल काटारिया ने मुख्यमंत्री जी की अगवानी की और उन्हें अंग वस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया।





