उज्जैन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बाके उपलक्ष्य में 21 नवंबर की सुबह 9 बजे से शहीद पार्क से पदयात्रा निकाली जाएगी। सांसद अनिल फिरोजिया हरी झंड़ी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे। जो चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट, मालीपुरा होते हुए फव्वारा चौक पर सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम के साथ संपन्न होगी। ऐसे ही 25 नवंबर को नागदा में दोपहर 12 बजे यूनिटी मार्च पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा को लेकर सांसद फिरोजिया ने बुधवार को मीडिया को जानकारी दी। बोले कि युवा खेल मंत्रालय के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राएं आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना और समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। वे बोले कि सरदार पटेल ने भारत को सैकड़ों रियासतों से जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की नींव रखी। उन्होंने देश के तिरंगे को बुलंद किया और आजादी के बाद अखंड भारत के निर्माता बने। देशभर में ‘150 संकल्प यात्राएं’ निकाली जा रही हैं। जो सरदार पटेल के एक भारत, एक संविधान के विचार को आगे बढ़ा रही है। सांसद ने कहा कि सरदार पटेल ने इस देश की एकता की नींव रखी। सांसद ने प्रत्येक वर्ग से पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा नगराध्यक्ष संजय अग्रवाल, मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा, पदयात्रा के प्रभारी उमेश सेंगर, सह प्रभारी जितेंद्र कृपलानी और अशोक कैथवास आदि मौजूद रहे।
2025-11-20





