शहर विकास के कार्यों को गति देने के साथ ही नगर निगम द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की जानकारी आमजन तक सही, सटीक एवं सकारात्मक रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में पत्रकार साथियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में शहर विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर पत्रकारों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की गई*
*पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार सिंहस्थ महापर्व-2028 को दृष्टिगत रखते हुए किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण एवं विकास कार्य, शहरवासियों की सुविधा के लिए किए जा रहे निर्माण कार्य, रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, पौधारोपण, स्वच्छता व्यवस्था सहित नगर निगम की विभिन्न विकास एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई*
*जनसंपर्क विभाग के उपायुक्त श्री योगेंद्र सिंह पटेल ने पत्रकार साथियों से चर्चा करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। नगर निगम द्वारा शहरहित में किए जा रहे विकास कार्यों, अमृत हरित महा अभियान के तहत पौधारोपण, स्वच्छता व्यवस्था, मार्ग चौड़ीकरण एवं अन्य जनहितकारी कार्यों की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक एवं तथ्यात्मक जानकारी से नागरिकों में विकास कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और शहर विकास में जनभागीदारी को भी मजबूती मिलती है*
*उपायुक्त श्री पटेल ने कहा कि नगर निगम और मीडिया के बीच निरंतर संवाद से शहर की समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने तथा अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग मिलेगा। जहां कहीं समस्या सामने आती है, वहां उसके समाधान के लिए भी गंभीरता से प्रयास किया जाना आवश्यक है*
*जनसंपर्क अधिकारी श्री पवन कुमार ने संवाद कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्प सूचना पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर सभी पत्रकार साथियों ने संवाद की इस पहल को सार्थक बनाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा भविष्य में भी पत्रकार साथियों के साथ नियमित रूप से संवाद किया जाएगा। अमृत हरित महा अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम, स्वच्छता विषयक कार्यशाला, शहर में किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण सहित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों में मीडिया साथियों को सहभागी बनाया जाएगा, नगर निगम और मीडिया के बीच निरंतर संवाद का उद्देश्य केवल जानकारी साझा करना नहीं, बल्कि शहर के विकास में सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा देना है*
*संवाद के दौरान पत्रकार साथियों ने भी शहर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। निगम अधिकारियों ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही*
*नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों की पारदर्शी एवं तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही जनता, मीडिया और नगर निगम के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना है*
2026-08-14




